भिलाई ट्रांसपोर्ट नगर फैक्ट्री में केमिकल रिसाव से मचा हड़कंपगैस पाइप फटने से दूर-दूर तक फैला धुआंलोगों को सांस लेने में हुई तकलीफ

दुर्ग : दुर्ग जिले के ट्रांसपोर्ट नगर (हथखोज) स्थित इंजीनियरिंग पार्क में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। यहां स्थित थेथिस हाइड्रोकार्बन प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में शाम करीब 4:30 बजे अचानक केमिकल का रिसाव हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में जहरीला धुआं फैल गया, जिससे वहां काम करने वाले मजदूरों और आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी आने की शिकायत हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थेथिस हाइड्रोकार्बन की इस फैक्ट्री में इंक (स्याही) बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का एक मुख्य पाइप जोरदार धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। पाइप फटने से फैक्ट्री में मौजूद सारा केमिकल फर्श पर नीचे गिर गया और केमिकल रिएक्शन के कारण अत्यधिक मात्रा में धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुएं के गुबार उठने लगा, जो काफी दूर से  दिखाई दे रहा था।

हादसे के फौरन बाद कंपनी प्रबंधन ने आनन-फानन में केमिकल के ऊपर रेत डलवाकर उसे ढक दिया। रेत डालने के बाद धुएं का निकलना बंद हुआ। हालांकि, इस पूरे मामले में दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को काफी देर से सूचना दी गई। जब तक अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक धुआं काफी हद तक थम चुका था, जिसके चलते टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा।

घटना के बाद आस-पास की फैक्ट्रियों के संचालक भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने थेथिस हाइड्रोकार्बन प्रबंधन की इस बड़ी लापरवाही पर जमकर नाराजगी जाहिर की।

हालांकि, अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि, इंजीनियरिंग पार्क स्थित केएसएस हाइड्रोकार्बन में भारी धुआं उठने की सूचना मिली थी, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची जिन्हें  फैक्ट्री मालिक ने बताया कि यह ‘पिच ऑइल’ है और लोडिंग के दौरान अत्यधिक गर्म होने व पाइपलाइन फटने की वजह से धुआं उठ रहा था। अगल-बगल के लोगों ने भी सांस लेने में समस्या की शिकायत की है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *