दुर्ग । गया नगर निवासी विशाल गुप्ता (30 वर्ष) की आत्महत्या के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक द्वारा मरने से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।
11 मार्च 2026 की रात लगभग 10:30 बजे विशाल गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल से एक हृदयविदारक वीडियो मिला। इस वीडियो में विशाल ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों द्वारा दी जा रही निरंतर मानसिक प्रताड़ना का उल्लेख किया था। वीडियो के अनुसार, इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 108 और 3(5) BNS के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 पंजीबद्ध किया। आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित कर उत्तर प्रदेश रवाना की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को घेराबंदी कर 29 मार्च 2026 को धर दबोचा।गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पुलिस टीम दुर्ग लेकर पहुंची, जहाँ उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के निरीक्षण और परिजनों के बयानों के सूक्ष्म परीक्षण के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि यह आत्महत्या के लिए उकसाने का स्पष्ट मामला है। इस कार्रवाई में दुर्ग पुलिस की सक्रियता से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।