भिलाई: औद्योगिक नगरी भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठधाम तालाब के पास आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, हर रोज की तरह बुधवार सुबह जब लोग बैकुंठधाम तालाब के पास मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी उनकी नजर तालाब के सामने एक पेड़ पर लटके हुए शव पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची छावनी थाना पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान शांति नगर निवासी अजय अग्रवाल के रूप में की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आत्महत्या का कारण फिलहाल अज्ञात है.मृतक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और घरवालों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।