नई दिल्ली। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच इजरायल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने का दावा किया है। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) के अनुसार लेबनान की राजधानी बेरूत में किए गए एक सटीक सैन्य अभियान में हिजबुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर हज यूसुफ इस्माइल हाशेम मारे गए। सेना ने बताया कि यह कार्रवाई मंगलवार को की गई थी, जिसकी जानकारी बुधवार को सार्वजनिक की गई।
आईडीएफ के मुताबिक हाशेम हिजबुल्लाह के दक्षिणी मोर्चे का प्रमुख कमांडर था और दक्षिण लेबनान में संगठन की कई महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों का संचालन करता था। वह लंबे समय से इजरायल के खिलाफ रणनीतियां बनाने और हमलों की योजना तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
बताया गया है कि हाशेम को संगठन के अनुभवी नेताओं में गिना जाता था और उसके पास लगभग 40 वर्षों का अनुभव था। वर्ष 2024 में हिजबुल्लाह के प्रमुख नेता हसन नसरल्लाह और कमांडर अली कराकी के मारे जाने के बाद उसने दक्षिणी क्षेत्र की कमान संभाली थी।
इजरायली सेना का दावा है कि हाशेम कई हमलों की योजना तैयार करने में शामिल रहा था। उसके मारे जाने से हिजबुल्लाह की सैन्य गतिविधियों और रणनीतिक क्षमता को बड़ा झटका लग सकता है।
मध्य पूर्व में पहले से जारी तनाव के बीच इस घटना के बाद क्षेत्र की स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रखी जा रही है।