दुर्ग : दुर्ग जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में आज एक बड़ा अध्याय जुड़ गया है। जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘108 संजीवनी एक्सप्रेस’ के तहत जिले को 10 नई अत्याधुनिक एम्बुलेंसों की सौगात मिली है। इनका विधिवत शुभारंभ आज छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर द्वारा किया गया।
हाथ में स्टेयरिंग थामकर मंत्री ने दिया सेवा का संदेश
शुभारंभ समारोह का सबसे खास और चर्चा का विषय वह पल रहा, जब शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्वयं एम्बुलेंस की स्टेयरिंग संभाली। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से एम्बुलेंस चलाकर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया और जिला अस्पताल पहुंचे। मंत्री के इस अंदाज ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और आम जनता में जनसेवा के प्रति एक नया उत्साह भर दिया।

बेड़े में 1 एडवांस और 9 बेसिक लाइफ सपोर्ट वाहन
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि,10 नई एम्बुलेंसों में 1 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) यह गंभीर मरीजों के लिए वेंटिलेटर और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों से लैस है।और 9 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) ये सामान्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित राहत पहुंचाएंगी।
पूजा-अर्चना के बाद दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने नई एम्बुलेंसों की विधिवत पूजा-अर्चना की और फिर हरी झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया। इस अवसर पर दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जीवनदीप समिति के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आम जनता को मिलेगा सीधा लाभ
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि इन एम्बुलेंसों के आने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रिस्पॉन्स टाइम कम होगा, जिससे दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में कीमती जान बचाई जा सकेगी।