चाय बागान में अचानक पहुंचे PM मोदी, मजदूर महिलाओं संग मुस्कुराते हुए तोड़ीं चाय की पत्तियां

डिब्रूगढ़। असम के चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान का अचानक दौरा कर सभी को चौंका दिया। यहां काम कर रही महिला श्रमिकों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनसे बातचीत की और उनके साथ कुछ समय बिताया। प्रधानमंत्री के इस अनौपचारिक मुलाकात से बागान में मौजूद महिलाएं उत्साहित नजर आईं।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने चाय पत्तियां तोड़ रही महिलाओं से उनके कामकाज और जीवन से जुड़ी बातें पूछीं। महिलाओं के आग्रह पर उन्होंने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इन तस्वीरों को बाद में प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

पोस्ट में प्रधानमंत्री ने असम की चाय और यहां के श्रमिकों की मेहनत की सराहना करते हुए लिखा कि असम की चाय दुनिया भर में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि चाय बागानों से जुड़े परिवारों की मेहनत और समर्पण राज्य की पहचान को मजबूत बनाते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब राज्य में चुनावी माहौल गर्म है। असम में आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है।

ऐसे में चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का चाय बागान पहुंचना राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि असम में चाय बागान से जुड़े श्रमिक बड़ी संख्या में मतदाता हैं और उन्हें राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *