3 महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 38 लाख की ठगीरायपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

दुर्ग । कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों की चपत लगाने वाले एक शातिर ठग को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी कंपनियां बनाकर दुर्ग के एक निवासी से 38,25,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी। वैशाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर के सड्डू इलाके से हिरासत में लिया है।

फर्जी कंपनियों का मायाजाल

प्रार्थी जयदीप सिंह कंडा (35 वर्ष), निवासी संतराबाड़ी ने थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे और उसके साथियों ने A-M-S Solution और M/s R-V Group Company के नाम से फर्जी निवेश योजनाएं चलाई थीं। आरोपियों ने जयदीप को झांसा दिया कि उनकी कंपनी में निवेश करने पर मात्र 3 महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी। इस झांसे में आकर प्रार्थी ने कुल 38.25 लाख रुपये गंवा दिए।

रायपुर के सड्डू से हुई गिरफ्तारी

शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 128/2026 पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और 31 मार्च 2026 को रायपुर के सड्डू (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) से धर्मेन्द्र कुमार बंजारे को धर दबोचा।

आरोपी ने कबूला जुर्म

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए ठगी करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और अन्य फरार साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी ऐसी लुभावनी योजना के झांसे में न आएं जो बहुत कम समय में पैसा दोगुना करने का दावा करती हो। निवेश से पहले कंपनी की वैधानिकता की जांच अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *