IPL 2026 : आईपीएल 2026 में शुक्रवार को चेन्नई के चेपॉक मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का मजबूत स्कोर बनाया, लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। पंजाब किंग्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से जीत दर्ज की।
पंजाब के खिलाफ 200 से ज्यादा रन भी नहीं बचा पाए चेन्नई
आईपीएल की सबसे सफल टीमों में गिनी जाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पंजाब किंग्स लगातार मुश्किल टीम साबित हो रही है। इस मैच में भी पंजाब ने 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह पांचवीं बार है जब पंजाब ने चेन्नई के खिलाफ 200 से अधिक रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है।
चेन्नई के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
दिलचस्प बात यह है कि चेन्नई ने पंजाब के खिलाफ कुल छह बार पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 या उससे अधिक रन बनाए हैं, लेकिन इनमें से पांच बार उसे हार का सामना करना पड़ा। टी20 क्रिकेट में 200 से अधिक रन बनाने के बाद भी सबसे ज्यादा मैच हारने का रिकॉर्ड अब चेन्नई के नाम दर्ज हो गया है। इस सूची में दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज की टीम है, जिसे 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद चार बार हार मिली है।
200+ लक्ष्य हासिल करने में सबसे आगे पंजाब
मुकाबले में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को आयुष म्हात्रे की शानदार पारी का सहारा मिला। उन्होंने 43 गेंदों पर 73 रन बनाए। उनके अलावा शिवम दुबे ने 27 गेंदों पर 45 रन और सरफराज खान ने 12 गेंदों पर 32 रन की तेज पारी खेली। इन पारियों की बदौलत चेन्नई ने पांच विकेट पर 209 रन बनाए।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। टीम आईपीएल में अब तक नौ बार 200 या उससे अधिक रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर चुकी है, जो किसी भी टीम से ज्यादा है। पिछले सीजन पंजाब ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन का लक्ष्य हासिल कर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी किया था।
मैच का हाल
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद तेज रही। प्रियांश ने सिर्फ 11 गेंदों पर 39 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 29 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। पंजाब ने 18.4 ओवर में पांच विकेट खोकर 210 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।