भिलाई | नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ भिलाई नगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने उच्च गुणवत्ता वाले ‘हाइड्रोपोनिक गांजे’ की तस्करी और संग्रहण करने वाले एक और आरोपी को हुड़को क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
उल्लेखनीय है कि बीते 4 अप्रैल को पुलिस ने रुआबांधा क्षेत्र से विक्रम साहू और यश विश्वकर्मा को गांजे और नशीली सामग्री के साथ गिरफ्तार किया था (अपराध क्रमांक 155/2026)। विवेचना के दौरान नशे के मुख्य स्रोत और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही थी, जिसमें आज एक और गिरफ्तारी हुई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमआईजी क्षेत्र, हुड़को में अवैध मादक पदार्थ का संग्रहण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आयुष विश्वकर्मा (29 वर्ष), निवासी हुड़को को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से 1.4 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गांजा साधारण गांजे की तुलना में काफी महंगा और उच्च गुणवत्ता वाला होता है, जिसे विशेष वैज्ञानिक विधि (बिना मिट्टी के) से उगाया जाता है। आरोपी इसका संग्रहण कर आर्थिक लाभ कमाने के लिए अवैध रूप से विक्रय कर रहा था।
आरोपी आयुष विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।