पेंड्रा : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में ग्राम खरड़ी से एक भयानक हत्या की खबर सामने आई है। आरोप है कि अंधविश्वास और व्यक्तिगत रंजिश के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका कौशल्या पर आरोपी धीरपाल श्याम को शक था कि उसने उसके बेटे की मौत के पीछे जादू-टोना किया है। इसी संदेह और व्यक्तिगत रंजिश के चलते आरोपी और उसके दो सहयोगियों ने महिला पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कौशल्या के सिर पर भारी पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर पेंड्रा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धीरपाल श्याम और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने मामले की पुष्टि की और बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।