नक्सलवाद के विरोध में ABVP ने निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा, ‘नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़’ का लिया संकल्प

दुर्ग। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जिला इकाई दुर्ग द्वारा ‘नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़’ के समर्थन में एक प्रभावशाली विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नक्सलवाद के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और समाज को एक सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नगर मंत्री आकाश कुमार साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद के दंश से पूरी तरह मुक्त करने के संकल्प के साथ यह आयोजन किया गया। उन्होंने संबोधन में कहा कि नक्सलवाद प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए युवाओं को एकजुट होकर प्रखर आवाज उठानी होगी।

इस विरोध प्रदर्शन में जिले के बड़ी संख्या में छात्र और परिषद के कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने नक्सलवाद विरोधी नारे लगाकर अपना समर्थन व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक जब तक नक्सली हिंसा खत्म नहीं होती, तब तक प्रदेश का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *