मोतीपुर के सूने मकान में 8 लाख की चोरी , अमलेश्वर पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा

दुर्ग। अमलेश्वर/ग्राम मोतीपुर में एक सूने मकान को निशाना बनाने वाले संगठित चोर गिरोह का अमलेश्वर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मोबाइल सहित कुल 8,22,480 रुपये की संपत्ति बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की रकम से एक नई स्कूटी भी खरीद ली थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

ताला तोड़कर साफ कर दिया था घर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार 25 से 29 जनवरी के बीच घर से बाहर गया था। इस दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे कीमती जेवरात और नकदी पार कर दी थी। घर लौटने पर वारदात का पता चला, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी।

तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों का जाल बिछाया। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों के बारे में सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर खिलेश दास मानिकपुरी और भुनेश्वर उर्फ नानू यादव को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

चोरी का माल खपाने वाला भी गिरफ्तार

पूछताछ में मुख्य आरोपी खिलेश दास ने बताया कि उसने अपने साथी भुनेश्वर के साथ मिलकर चोरी की थी। चोरी किए गए जेवर उन्होंने तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू को बेचने के लिए दिए थे। पुलिस ने तुलेश्वर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, नकदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदी गई नई स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस की अपील

अमलेश्वर पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि जब भी लंबे समय के लिए घर से बाहर जाएं, तो इसकी सूचना पास के थाने या पड़ोसियों को जरूर दें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *