Raipur : छत्तीसगढ़ में क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। वहीं इस पूरे गिरोह का सरगना रायपुर निवासी बाबू खेमानी को बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल को पुलिस को गंज थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने एक व्यक्ति को दबोच लिया, जिसकी पहचान मनदीप सिंह के रूप में हुई। उससे पूछताछ के बाद पूरे सट्टा नेटवर्क की परतें खुलती गईं और इसके बाद पुलिस ने एक साथ मुंबई, भवानीपटना (ओडिशा) और दुर्ग में छापेमारी की।
इस संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों से आरोपी पकड़े गए, जिनमें मुंबई से 9, ओडिशा से 7 और दुर्ग से 2 लोग शामिल हैं। इससे पहले रायपुर से भी 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इस तरह यह नेटवर्क छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ पाया गया।
60 लाख का सामान जब्त, करोड़ों के लेन-देन का खुलासा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 3 एलईडी स्क्रीन, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, एक कार, 3 वाई-फाई राउटर और सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड की 3 कॉपियां शामिल हैं। इसके अलावा 1.95 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। कुल बरामद सामग्री की कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है, जिससे इस गिरोह के बड़े वित्तीय नेटवर्क का संकेत मिलता है।
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर पर मास्टरमाइंड होने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह सट्टा रैकेट ‘3stumps’, ‘बजरंग बुक’ और ‘रेड्डी बुक’ जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में रायपुर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बाबू खेमानी को इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, हालांकि वह अभी फरार है।
पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पहले भी विवादों में रहा नाम
बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी पहले भी विवादों में रहा है और उस पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व एडल्ट कंटेंट पोस्ट करने के आरोप लग चुके हैं। इसके अलावा रफ ड्राइविंग और सट्टेबाजी से जुड़े वीडियो प्रमोट करने को लेकर भी उसका नाम चर्चा में रहा है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा रही है।