बायलर ब्लास्ट में 20 मजदूरों की मौत, वेदांता ग्रुप के अफसरों समेत कई पर FIR दर्ज

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित औद्योगिक इकाई में हुए भीषण बायलर विस्फोट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दर्दनाक हादसे में 20 मजदूरों की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोपों के आधार पर कंपनी के शीर्ष अधिकारियों समेत कई जिम्मेदार लोगों को मामले में शामिल किया है। यह हादसा वेदांता समूह से जुड़ी एक पावर इकाई में हुआ था, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया था।

हादसे में 15 से अधिक मजदूर घायल भी हुए थे, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। प्रशासन के अनुसार कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि प्लांट में तकनीकी सुरक्षा और रखरखाव मानकों का पालन ठीक से नहीं किया गया था, जिससे बायलर में अचानक अत्यधिक दबाव बन गया और विस्फोट हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की गहराई से पड़ताल कर रही है।

अधिकारियों ने कहा है कि जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है और स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *