भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के सामने कोसनाला के पास सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 15 व्यक्तियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से दांव लगा रहे थे।
पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1,14,000 रुपये नगद राशि बरामद की है। इसके अलावा, मौके से 15 नग मोबाइल फोन और 5 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पकड़े गए आरोपियों में सुपेला के अलावा दुर्ग, रायपुर, अहिवारा, रूआबांधा और अभनपुर के लोग शामिल हैं। मुख्य आरोपियों में विक्की साहनी (मल्हा पारा), विनय (सेक्टर-7), हिमांचल दास (आदर्श नगर दुर्ग), शैलेन्द्र यादव (गया नगर), विज्जू जैन (अहिवारा) और किशन साहू (रायपुर) समेत कुल 15 लोग शामिल हैं।

सुपेला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 535/2026, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) और बीएनएस (BNS) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा या किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।