महिला समृद्धि बाजार में अनियमितताओं पर सख्त रुख, किराए पर संचालित दुकानों पर होगी कार्रवाई

दुर्ग, 21 अप्रैल। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत गौरवपथ स्थित महिला समृद्धि बाजार का आज महापौर अलका बाघमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार प्रभारी शेखर चन्द्राकर एवं निगम बाजार विभाग के अमले के साथ परिसर का जायजा लिया और उपस्थित महिला व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

स्वच्छता में लापरवाही पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान बाजार परिसर में व्याप्त स्वच्छता संबंधी खामियों पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बाजार में आने वाले ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना नगर पालिक निगम दुर्ग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

किराए पर संचालित दुकानों पर कार्रवाई

महापौर ने विभिन्न दुकानों में जाकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों के आवंटन और संचालन की जानकारी ली। निरीक्षण में कुछ दुकानों के किराए पर संचालित होने की जानकारी सामने आने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि नियमों के विरुद्ध संचालित सभी दुकानों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे सभी दुकान संचालकों को उसी दिन नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बल

महापौर अलका बाघमार ने स्पष्ट किया कि महिला समृद्धि बाजार की स्थापना महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। इसका मूल लक्ष्य महिलाओं को व्यवसायिक अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बाजार की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि महिला समृद्धि बाजार शहर की महिलाओं के लिए एक आदर्श व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *