- आरक्षक की पत्नी और 8 साल के बेटे की चाकू से गोदकर हत्या
- आरक्षक की दो बेटियां घायल
भिलाई/दुर्ग | दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी अंतर्गत STF कॉलोनी में शनिवार सुबह रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। एक आरक्षक की प्रेमिका ने आरक्षक की अनुपस्थिति में उसकी पत्नी और मासूम बेटे की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपी महिला ने आरक्षक की दो बेटियों पर भी हमला किया, जिनमें से एक ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के मुताबिक बीजापुर में पदस्थ STF आरक्षक ललितेश यादव 15 दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे जब ललितेश रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कराने गया, तभी उसकी प्रेमिका सरोजिनी भारद्वाज (25 वर्ष) घर पहुंची। आरोपी महिला ने सब्जी काटने वाले चाकू से सो रहे 8 साल के मासूम आदित्य और उसकी मां रीना यादव पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने रीना पर 18 और बच्चे पर 14 बार वार किए।


हमले के दौरान घायल रीना यादव ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पैर पकड़ लिया और अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। बड़ी बेटी तान्या लहूलुहान हालत में बाहर भागकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना ने बाथरूम में छिपकर जान बचाई। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी महिला को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किया।

फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
पुलिस जांच में सामने आया है कि जांजगीर की रहने वाली सरोजिनी और ललितेश का संपर्क फेसबुक के जरिए हुआ था। चर्चा है कि दोनों ने शादी भी कर ली थी। ललितेश ने ही उसे दुर्ग में किराए के मकान में रखा था। शुक्रवार को भी आरोपी महिला घर आई थी, जिसे ललितेश ने समझाकर वापस भेज दिया था, लेकिन शनिवार सुबह वह सामान लेकर रहने की जिद पर आ धमकी और इस खूनी खेल को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई
CSP भिलाई सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि इलाज के दौरान मां-बेटे की मौत हो गई है। आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। गंभीर रूप से घायल बेटियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।