मजदूर दिवस पर नोएडा में हाई अलर्ट, ड्रोन निगरानी और धारा 163 लागू

नोएडा मजदूर दिवस के मौके पर गौतम बुद्ध नगर में सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार पुलिस ने जिलेभर में सख्त इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति पैदा न हो।

पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, जबकि कंट्रोल रूम से अधिकारी लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 8 मई तक धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति के किसी भी तरह के प्रदर्शन, जुलूस या सभा पर रोक लगा दी गई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।

जिले में सुरक्षा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए ‘जोनल-सेक्टर’ प्लान लागू किया गया है। पूरे क्षेत्र को 11 जोन और 49 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। अलग-अलग जोनों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं, ताकि हर क्षेत्र में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और जवानों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा PAC की कंपनियां भी संवेदनशील इलाकों में मौजूद रहेंगी।

औद्योगिक इकाइयों, कॉर्पोरेट दफ्तरों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही, मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों को लगातार सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

सख्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई मजदूर संगठनों ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि मजदूर दिवस शांतिपूर्ण तरीके से बीते और किसी भी तरह की अप्रिय घटना की गुंजाइश न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *