भिलाई: नेहरू नगर की पॉश कॉलोनी में बड़ी सेंधमारी,शादी के लिए लॉकर से निकाले 50 लाख के जेवर पार

भिलाई, 5 मई। औद्योगिक नगरी भिलाई के नेहरू नगर पश्चिम इलाके में सोमवार को चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 45 से 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस बड़ी घटना को अंजाम दिया। 

मिली जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर निवासी और जाने-माने व्यवसायी विनय अग्रवाल (स्क्रैप एवं धर्मकांटा संचालक) सोमवार  सपरिवार आम्रपाली सोसाइटी में एक पारिवारिक शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर का मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर अलमारियां टूटी हुई थीं। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे करीब 1.40 लाख रुपये कैश और बैंक लॉकर से शादी के लिए निकालकर लाए गए लगभग 50 लाख रुपये के जेवर गायब थे।

रेकी की आशंका

पुलिस महकमे में हड़कंप इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी विजय अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार सहित सुपेला थाना प्रभारी और स्मृति नगर चौकी प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का मानना है कि चोरों को परिवार के बाहर जाने और घर में भारी मात्रा में जेवर होने की सटीक जानकारी थी, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वारदात से पहले घर की रेकी की गई थी।

जांच में जुटी टीमें घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने साक्ष्य जुटाए हैं। सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शहर के बीचों-बीच एक पॉश कॉलोनी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *