मोहाली : मोहाली के खरड़ इलाके में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने एक बड़े आईटी कारोबारी से जुड़े फ्लैट पर छापेमारी की। यह कार्रवाई चज्जूमाजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसायटी में की गई, जहां जांच एजेंसी कई घंटों तक दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सोसायटी के नौवें फ्लोर स्थित फ्लैट से अचानक दो बैग नीचे फेंके गए। नीचे गिरते ही बैग खुल गए और उनमें रखे 500 रुपये के नोट परिसर में बिखर गए। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग दंग रह गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। बाद में ईडी अधिकारियों ने दोनों बैग कब्जे में लेकर नकदी को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि बरामद रकम करीब 21 लाख रुपये है। हालांकि एजेंसी की तरफ से अभी तक आधिकारिक तौर पर रकम या पूरे मामले की पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने फिलहाल जांच को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी कथित मनी लॉन्ड्रिंग और रियल एस्टेट से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं की जांच का हिस्सा मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मोहाली और चंडीगढ़ में कई बिल्डर्स और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़े करीब एक दर्जन ठिकानों पर भी एक साथ कार्रवाई की गई। जांच के घेरे में कुछ रियल एस्टेट कंपनियों पर जमीन उपयोग लाइसेंस के दुरुपयोग और निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी के आरोप बताए जा रहे हैं।