रायपुर, 9 मई 2026। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी शुक्रवार को रायगढ़ के पटेलपाली कृषि उपज मंडी में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 150 नवदंपतियों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। आयोजन में सामाजिक समरसता, सादगी और पारिवारिक सौहार्द का विशेष माहौल देखने को मिला।
जिले में आयोजित कार्यक्रमों के तहत रायगढ़ में 45, खरसिया विकासखंड में 15, बंजारी धाम खरसिया में 30, लैलूंगा में 30 तथा धरमजयगढ़ में 30 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आयोजन स्थलों पर आकर्षक और सुव्यवस्थित तैयारियां की गई थीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल विवाह कराने की योजना नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मजबूत संदेश देते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी बेटी के विवाह में बाधा न बने।
ओ.पी. चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसमें से 35 हजार रुपये सीधे हितग्राही के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए जाते हैं, जबकि शेष राशि विवाह आयोजन, परिधान और आवश्यक सामग्री पर खर्च की जाती है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करती है।
इस अवसर पर उन्होंने राज्य शासन की “रानी दुर्गावती योजना” का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म के बाद पंजीयन कराने पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर डेढ़ लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह योजना बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने 45 नववधुओं को स्वेच्छानुदान मद से 5-5 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
ओ.पी. चौधरी ने आयोजन में सहभागी गायत्री परिवार की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाज में संस्कार, शिक्षा और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्य कर रही है। कार्यक्रम में रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।