होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय जहाज पर फायरिंग, गुजरात के नाविक की मौत, 5 घायल

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच Strait of Hormuz में एक भारतीय मालवाहक जहाज पर हुए हमले ने चिंता बढ़ा दी है। इस घटना में गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य भारतीय क्रू सदस्य घायल बताए जा रहे हैं। जहाज उस समय विवादित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था जब अचानक गोलीबारी की घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, यह पारंपरिक लकड़ी का कार्गो जहाज “अल फैज नूर-ए-सुलेमानी-1” दुबई से यमन के मुकल्ला बंदरगाह की ओर जा रहा था। जहाज पर कुल 18 क्रू सदस्य सवार थे। घटना देर रात करीब एक बजे उस समय हुई जब जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर रहा था।

हमले में गुजरात के द्वारका जिले के सलाया गांव के रहने वाले अल्ताफ तालाब केर की मौत हो गई। वह जहाज पर इंजन चालक के रूप में कार्यरत थे। वहीं घायल पांच भारतीय नाविकों को तत्काल दुबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद सुबह के समय एक अन्य जहाज MSV प्रेम सागर-I की मदद से बाकी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें दुबई बंदरगाह पहुंचाया गया। बचाए गए भारतीयों से स्थानीय अधिकारियों और भारतीय मिशन के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

भारतीय शिपिंग अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा कारणों से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

गुजरात स्थित इंडियन सेलिंग वेसल्स एसोसिएशन ने इस घटना को क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का परिणाम बताते हुए चिंता जताई है। संगठन ने सरकार से समुद्री मार्गों पर भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज क्षेत्र में हाल के दिनों में समुद्री गतिविधियों पर असर पड़ा है। कई जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों पर भी अनिश्चितता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *