ऑपरेशन तलाश में दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता, 683 गुमशुदा लोगों और बच्चों को परिजनों से मिलाया

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में बड़ी सफलता हासिल हुई है। अभियान के तहत जिलेभर से गुम हुए 683 व्यक्तियों और बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा सम्मानित किया गया।

पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश पर 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे प्रदेश में “ऑपरेशन तलाश” अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाना था। दुर्ग पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर तकनीकी सहायता, सूचना तंत्र और लगातार मैदानी कार्रवाई के जरिए बड़ी संख्या में गुमशुदाओं को खोजने में सफलता प्राप्त की। बेहतर प्रदर्शन के चलते दुर्ग पुलिस प्रदेश में अग्रणी रही।

अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना जामुल, स्मृति नगर चौकी और पुरानी भिलाई थाना की टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गुमशुदाओं की सबसे अधिक दस्तयाबी करने वालों में थाना जामुल और स्मृति नगर चौकी ने 48-48 तथा पुरानी भिलाई थाना ने 46 लोगों को खोज निकाला।

उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी जामुल रामेन्द्र सिंह, स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू और थाना प्रभारी पुरानी भिलाई अम्बर भारद्वाज को सम्मानित किया गया।

अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों और विशेष टीमों के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। लगातार समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते कई परिवारों को अपने बिछड़े परिजन वापस मिल सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों और परिजनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी व्यक्ति या बच्चे के गुम होने की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर सुरक्षित तलाश सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *