निजी विद्यालय संचालक संघ, जिला दुर्ग द्वारा शिक्षा मंत्री का आभार

दुर्ग। निजी विद्यालय संचालक संघ, जिला दुर्ग ने छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। शिक्षा मंत्री के निर्देश पर अब दुर्ग जिले के निजी विद्यालयों को कक्षा पहली से दसवीं तक की निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें दुर्ग जिले में ही उपलब्ध कराई जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम, रायपुर द्वारा दुर्ग जिले के निजी विद्यालयों को निःशुल्क पुस्तकें प्रदान करता है, परंतु पूर्व में इनका वितरण रायपुर के भनपुरी से किया जाता था। इससे निजी विद्यालयों को पुस्तकों के परिवहन एवं समयबद्ध उपलब्धता में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कोरोना काल के दौरान दुर्ग जिले में स्थित स्थायी डिपो बंद हो जाने के कारण यह समस्या और बढ़ गई थी।

निजी विद्यालय संचालक संघ, जिला दुर्ग के पदाधिकारियों ने इन व्यावहारिक कठिनाइयों से शिक्षा मंत्री को अवगत कराया। समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री ने तत्काल निर्णय लेकर आदेश जारी किए, जिसके तहत अब दुर्ग जिले के निजी विद्यालयों को पुस्तकें दुर्ग जिले से ही वितरित की जाएंगी।

इस निर्णय के लिए निजी विद्यालय संचालक संघ, जिला दुर्ग के अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को गुलदस्ता भेंट कर आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यालयों को अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और सत्र प्रारंभ होने से पूर्व ही पुस्तकें प्राप्त हो सकेंगी।

आभार व्यक्त करने वालों में संघ के अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री अम्बिका द्विवेदी, सचिव श्री अमित श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष श्री क्षत्रपाल सिंह, श्री अशोक मुरकुटे, श्री अविनाश शर्मा सहित संघ के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *