दुर्ग में देर रात खूनी संघर्ष: युवक की चाकू गोदकर हत्या, दो साथी गंभीर रूप से घायल; इलाके में दहशत

दुर्ग | 12 मई, 2026 : दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। केजू राइस मिल के पास अज्ञात हमलावरों ने तीन युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

देर रात 2 बजे हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर (20 वर्ष) अपने साथियों राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर के साथ रात करीब 2 बजे केजू राइस मिल के पास मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में जितेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल और नेहरू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उपचार जारी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को शक है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है।

संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से राजीव नगर इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *