स्टेडियम में दर्शकों की जेब पर पड़ा भारी बोझ, पानी-खाना दोगुने-तीन गुने दाम पर बिका

रायपुर : रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए हाई-वोल्टेज RCB और मुंबई इंडियंस मुकाबले ने मैदान पर क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर रोमांच दिया, लेकिन स्टेडियम के भीतर मौजूद हजारों दर्शकों के लिए यह अनुभव कई परेशानियों से भरा रहा।

करीब 60 हजार दर्शकों की मौजूदगी वाले इस मुकाबले में अव्यवस्था, महंगे खाने-पीने के सामान, खराब नेटवर्क और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था ने लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया। मैच खत्म होने के बाद सोशल media पर फैंस के वीडियो और शिकायतें तेजी से वायरल होने लगीं।

‘पानी भी लग्जरी आइटम बन गया’

दर्शकों का सबसे बड़ा आरोप खाने-पीने की चीजों की मनमानी कीमतों को लेकर रहा। लोगों के मुताबिक स्टेडियम के अंदर 50 रुपये वाली पानी की बोतल 150 रुपये तक में बेची गई। वहीं कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, समोसा, सैंडविच और पिज्जा जैसी चीजें भी दोगुने-तीन गुने दाम पर उपलब्ध थीं।

गर्मी और ‘नो री-एंट्री’ नियम के कारण दर्शकों के पास महंगे दाम चुकाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। कई लोगों ने वेंडर्स से बहस के वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए।

नेटवर्क गायब, एंट्री गेट पर लंबी लाइनें

आयोजकों ने दावा किया था कि बड़ी भीड़ को देखते हुए अस्थाई मोबाइल टावर लगाए गए हैं, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही नेटवर्क व्यवस्था चरमरा गई।

ई-टिकट लेकर पहुंचे कई दर्शकों के मोबाइल में इंटरनेट बंद हो गया, जिससे टिकट के QR कोड खुल ही नहीं पाए। नतीजा—एंट्री गेट पर लंबी कतारें और अफरा-तफरी का माहौल।

कई लोग बेहतर नेटवर्क की तलाश में स्टेडियम के बाहर इधर-उधर भटकते दिखाई दिए ताकि किसी तरह टिकट स्कैन कर अंदर प्रवेश मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

स्टेडियम में बिना टिकट घुसने से रोकने के लिए फेंसिंग और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन कई लोग इन्हें पार कर अंदर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही कुछ युवक तारों और जालियों पर चढ़कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचने लगे।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम दिखाई दी, जिसका फायदा उठाकर कई लोग स्टेडियम के भीतर घुस गए।

जाली फांदते वक्त घायल हुआ युवक

अवैध तरीके से प्रवेश करने की कोशिश के दौरान एक युवक घायल भी हो गया। बताया जा रहा है कि जाली पार करते समय वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस हिस्से से लोग अंदर घुस रहे थे, वहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी।

रेट लिस्ट गायब, दर्शकों में नाराजगी

दर्शकों का कहना है कि स्टेडियम के भीतर कहीं भी खाने-पीने की वस्तुओं की आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी। इसी वजह से वेंडर्स अलग-अलग लोगों से अलग-अलग कीमत वसूलते नजर आए।

लोगों का आरोप है कि इतने बड़े आयोजन में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की गई, जिससे मैच का रोमांच अव्यवस्था के बीच फीका पड़ गया।

सोशल मीडिया पर फूटा फैंस का गुस्सा

मैच के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दर्शक महंगे पानी, नेटवर्क फेल होने और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं।

क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों में दर्शकों की सुविधा, पारदर्शी व्यवस्था और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि लोग बिना परेशानी खेल का आनंद उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *