छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार, बीजापुर-अबूझमाड़ से करोड़ों कैश और भारी हथियार बरामद

रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों की निशानदेही पर जवानों ने बीजापुर और अबूझमाड़ क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियारों, नकदी और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सल नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

बीजापुर में करोड़ों की बरामदगी
DIG CRPF और एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि विभिन्न ठिकानों से नक्सल डंप बरामद किए गए हैं। इनमें 65 लाख 52 हजार रुपये नकद, LMG, SLR, कार्बाइन सहित कुल 32 हथियार शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार बीजापुर जिले में अब तक कुल 7 करोड़ रुपये से अधिक नकदी, 8.20 किलो सोना और करीब 20 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

2024 से अब तक 517 हथियार बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चलाए गए अभियानों के दौरान कुल 517 हथियार जब्त किए गए हैं। लगातार कार्रवाई से नक्सलियों के संसाधन और नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है।

अबूझमाड़ में भी बड़ी सफलता
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ और महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने अहम सफलता हासिल की। सरेंडर नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर करीब 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये नकद के साथ भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

नक्सल नेटवर्क पर लगातार दबाव
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे नक्सली संगठनों की आर्थिक और हथियार आपूर्ति प्रणाली पर प्रभावी रोक लग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *