समर वेकेशन में रेल यात्रियों को बड़ा झटका, छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 77 ट्रेनें रद्द

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल में चौथी रेल लाइन निर्माण कार्य के चलते छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 77 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने चांपा रेलवे स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने के लिए यह निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार 8 जून से 19 जून 2026 के बीच 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे ने बताया कि इस दौरान 8 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि 6 ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। इसके अलावा 5 ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से संचालित होंगी। समर वेकेशन के दौरान ट्रेनों के रद्द होने से छत्तीसगढ़ समेत पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 18250/18249 और 18252/18251 कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को 8 से 19 जून तक केवल कोरबा-बिलासपुर-कोरबा सेक्शन में पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।

बदले हुए रूट से चलेंगी कई प्रमुख ट्रेनें

रेलवे प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है। ये ट्रेनें रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर संचालित होंगी।

  • 12222 हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस – 11 और 13 जून
  • 12221 पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस – 13 और 15 जून
  • 12261 सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस – 11 और 13 जून
  • 12262 हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस – 12 और 15 जून
  • 12101 एलटीटी-शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस – 12 और 13 जून
  • 12102 शालीमार-एलटीटी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस – 14 और 15 जून
  • 12880 भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस – 11 और 15 जून
  • 12879 एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस – 13 और 17 जून

गंतव्य से पहले समाप्त होंगी ये ट्रेनें

रेलवे ने कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट करने का फैसला भी लिया है।

  • 68861/68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू – केवल बिलासपुर तक
  • 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस – बिलासपुर से शुरू होगी
  • 18518 विशाखापटनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस – बिलासपुर तक
  • 18517 कोरबा-विशाखापटनम लिंक एक्सप्रेस – बिलासपुर से चलेगी
  • 12410 निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस – बिलासपुर तक
  • 12409 रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस – बिलासपुर से शुरू होगी

देरी से चलेंगी कई ट्रेनें

रेलवे के अनुसार कुछ ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से देरी से किया जाएगा।

  • 12129 पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस – 3 घंटे देरी
  • 12809 सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस – 2 घंटे 30 मिनट देरी
  • 12070 गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस – 2 घंटे देरी
  • 18249/18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस – 2 घंटे देरी
  • 18239 कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस – 1 घंटा 30 मिनट देरी

तीसरी और चौथी रेल लाइन का काम जारी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यह रेल मार्ग देश के सबसे व्यस्त रूटों में शामिल है, जो उत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ता है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नई लाइन शुरू होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुलेगा।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना पर काम चल रहा है, जिसमें अब तक 180 किलोमीटर से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है। चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने का काम 7 जून से 19 जून के बीच अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *