कांग्रेस नेता का रिजॉर्ट में निधन, हार्टअटैक बनी मौत की वजह

रायपुर। संतोषी नगर के मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से तीन बार पार्षद रहे कांग्रेस नेता अमित दास का हार्टअटैक से निधन हो गया। वे अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कान्हा किसली नेशनल पार्क गए हुए थे। सभी एक निजी रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे, जहां गुरुवार रात यह हादसा हुआ।

जानकारी के मुताबिक, अमित दास स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान उनके गले में पानी भर गया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद दोस्तों और रिजॉर्ट कर्मचारियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती गई। इसी बीच उन्हें हार्टअटैक आया और उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद उनके शव को रायपुर लाया गया है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अमित दास रायपुर निगम क्षेत्र के संतोषी नगर मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से लगातार तीन बार पार्षद चुने गए थे। वे पूर्व एमआईसी सदस्य भी रह चुके थे। अमित दास, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे। उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *