मौसम विभाग का अलर्ट: कई राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

आईएमडी के अनुसार, 16 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज तूफान और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।

पंजाब के छह जिलों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और मुक्तसर में बिजली कड़कने के साथ तेज तूफान आ सकता है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 16 मई से 20 मई तक पंजाब के कई हिस्सों में लू (हीटवेव) को लेकर ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।

वहीं, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह मौसम सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बदलाव एक दिन पहले चली धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के बाद देखने को मिला। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राजधानी में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

मौसम विभाग ने पहले ही रात के समय हल्की बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताई थी। हालांकि, गर्मी से मिली थोड़ी राहत के बाद अब एक बार फिर गर्म और शुष्क मौसम लौटने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार, 16 मई को दिल्ली में आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 17 मई को तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *