दुर्ग | 16 मई, 2026 चिखली (दुर्ग) स्थित प्रतिष्ठित चिकित्सा एवं शैक्षणिक संस्थान एस.आर. हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में पैरामेडिकल कोर्सेस के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए मार्कशीट वितरण और कानूनी जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों में एसपी विजय अग्रवाल ,डॉक्टर संकल्प रॉय(सायबर सेल ) ने शिरकत की।

मेधावी छात्रों को मिली मार्कशीट
संस्थान में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मान्यता प्राप्त विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों (जैसे- ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन, एक्स-रे तकनीशियन और पैथोलॉजी लैब तकनीशियन) के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा आधिकारिक मार्कशीट का वितरण किया गया। अपनी डिग्री और अंकसूची पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। संस्थान के चेयरमैन संजय तिवारी ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

साइबर क्राइम और नए कानून पर विशेष सत्र
मार्कशीट वितरण के साथ ही इस कार्यक्रम में छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। दुर्ग पुलिस की टीम ने कॉलेज के विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को साइबर क्राइम (Cyber Crime) के बढ़ते खतरों, ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीकों और सोशल मीडिया सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया।

इसके साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने देश में लागू हुए नए बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) कानून के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उपस्थित जनों को बताया गया कि नए कानूनी बदलावों के तहत नागरिकों के क्या अधिकार और कर्तव्य हैं। संस्थान के प्रबंधन ने इस सत्र को छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास की दृष्टि से अत्यंत हितकारी और ज्ञानवर्धक बताया।इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी ,कर्मचारी मौजूद थे।