रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े मंच पर अपनी नई पहचान बनाने जा रही है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबलों के सफल आयोजन के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए रायपुर को मेजबानी सौंपी है। बोर्ड ने सीरीज का आधिकारिक शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
यह पहला अवसर होगा जब भारतीय महिला क्रिकेट team रायपुर में किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में मैदान पर उतरेगी। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव के बीच रायपुर में होने वाली यह सीरीज प्रदेश के खेल इतिहास के लिए अहम मानी जा रही है।
भारत महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज अक्टूबर में आयोजित होगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सीरीज के सभी मुकाबले रायपुर में होंगे। खास बात यह है कि जिम्बाब्वे महिला टीम का यह पहला भारत दौरा माना जा रहा है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा भी प्राप्त होगी। लगातार बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी मिलने से रायपुर की पहचान देश के उभरते स्पोर्ट्स हब के रूप में मजबूत हो रही है।
हाल के वर्षों में शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में IPL मुकाबलों का सफल आयोजन हो चुका है। अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज मिलने से यह साफ हो गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड रायपुर को बड़े क्रिकेट आयोजनों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देख रहा है।

मैच शेड्यूल
- पहला टी20 — 16 अक्टूबर — रायपुर
- दूसरा टी20 — 18 अक्टूबर — रायपुर
- तीसरा टी20 — 20 अक्टूबर — रायपुर