लखनऊ : लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 46 किलोमीटर के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक बस आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई।
आग की ऊंची लपटें और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में बस चालक शंभू स्टियरिंग में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। बस में सवार करीब 30 यात्रियों में से दो दर्जन लोग झुलस गए, जिनमें लगभग एक दर्जन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी और सीएफओ सत्येंद्र पांडे मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में रात का अंधेरा, तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।