नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को सख्त चेतावनी दी है। गुरुवार को ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका का पूर्ण नियंत्रण है और वह इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को पूरी तरह स्वतंत्र रखना चाहता है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नाकाबंदी के कारण होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका की मजबूत पकड़ बनी हुई है। उन्होंने कहा, “यह 100 फीसदी प्रभावी है, बिल्कुल लोहे की दीवार की तरह। हम यहां किसी भी तरह का टोल नहीं चाहते। यह एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और इसे पूरी तरह खुला रहना चाहिए।”
एनरिच्ड यूरेनियम पर भी सख्त रुख
ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम को किसी भी कीमत पर हासिल करेगा और उसे नष्ट कर देगा।
उन्होंने कहा, “ईरान ज्यादा मात्रा में एनरिच्ड यूरेनियम अपने पास नहीं रख सकता। हम ईरान को परमाणु हथियार विकसित नहीं करने देंगे।”
20 ईरानी नाविकों की वापसी
इस बीच अमेरिका ने एक विवादित घटना के बाद 20 ईरानी नाविकों को वापस ईरान भेज दिया है। ये नाविक उस जहाज के सदस्य थे जिसे पहले अमेरिकी नियंत्रण में लिया गया था। सभी नाविक इस्लामाबाद के रास्ते तेहरान पहुंचे।
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। हाल के दिनों में ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट में टोल लगाने और क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाने के संकेत दिए गए थे, जिसका ट्रंप ने खुलकर विरोध किया है।