नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार इन सीटों पर मतदान 18 जून को कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया की अधिसूचना 1 जून को जारी होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
10 राज्यों की 24 सीटों पर चुनाव
आयोग ने बताया कि यह चुनाव 10 राज्यों की सीटों के लिए होंगे, जिनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटें शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर मतदान होगा। झारखंड में दो सीटों के लिए चुनाव होंगे, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर मतदान होगा।
कई बड़े नेताओं का कार्यकाल समाप्त
इस चुनाव में कई प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं।
राज्यसभा चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।