पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले को मिली जान से मारने की धमकी, इलाके में दहशत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार विक्रम साहू को जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है।

दुकानदार विक्रम साहू ने दावा किया है कि पिछले कुछ दिनों से उसे पाकिस्तान और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं। इन कॉल्स में उसे बम से उड़ाने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है।

विक्रम साहू का कहना है कि वीडियो कॉल के दौरान कुछ लोग हथियार दिखाकर उसे डराने की कोशिश कर रहे हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये धमकियां तब से बढ़ी हैं जब पीएम मोदी चुनाव प्रचार के दौरान उनकी दुकान पर रुककर झालमुड़ी का स्वाद चख चुके थे, जिसके बाद वह अचानक सुर्खियों में आ गए थे।

पीड़ित के अनुसार, कई बार फोन न उठाने के बावजूद लगातार कॉल और मैसेज आते रहते हैं, जिससे वह और उनका परिवार बेहद डरे हुए हैं।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और विक्रम साहू को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। उनके घर और दुकान के आसपास पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

विक्रम साहू ने सरकार से अपील की है कि उन्हें और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा दी जाए ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *