युवाओं को पीएम मोदी का बड़ा तोहफा, आज 51 हजार लोगों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

नई दिल्ली।नरेन्द्र मोदी शनिवार को आयोजित होने वाले 19वें रोजगार मेले के तहत देशभर के युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित भी करेंगे।

रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को इस अभियान के तहत नियुक्ति दी जाएगी। सरकार के अनुसार अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता अटूट है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

इस रोजगार मेले के तहत रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग सहित कई केंद्रीय संस्थानों में नियुक्तियां की जाएंगी।

पटना में कार्यक्रम का आयोजन दानापुर रेल परिसर में किया गया है, जहां रेलवे और अन्य विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

केंद्र सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की नीति के तहत रोजगार मेला अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं को तेजी से रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *