अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई

महासमुंद :  कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम द्वारा 21 मई, 22 मई एवं 23 मई को विशेष जांच अभियान चलाते हुए अवैध रूप से खनिज परिवहन कर रहे 5 हाइवा वाहनों को जप्त किया।

जप्त वाहनों में खनिज साधारण रेत से भरे 3 हाइवा तथा गिट्टी से भरे 2 हाइवा वाहन शामिल हैं। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को सुरक्षार्थ थाना तुमगांव एवं थाना महासमुंद में रखा गया है। जप्त सभी वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग द्वारा पूर्व में भी जिले के खनिज पट्टेदारों एवं परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण दण्डनीय अपराध है। इसके बावजूद अवैध परिवहन पाए जाने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। खनिज विभाग ने निर्देशित किया है कि भविष्य में अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई के साथ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *