- शिविर के अंतिम चरण में बंटे पट्टे और राशन कार्ड
- शिक्षा मंत्री गजेन्द्र,संभागायुक्त, कलेक्टर, महापौर, कमिश्नर रहे उपस्थित
- चार जोन में 45 विभाग रहा मौजूद
दुर्ग। 23 मई।छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार के अंतर्गत दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में चलाए जा रहे जनसमस्या निवारण समाधान शिविरों का अंतिम चरण शनिवार को पुरानी गंज मंडी में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस समापन शिविर में भारी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं का प्रशासनिक समन्वय के जरिए मौके पर ही त्वरित समाधान किया गया।
चार जोन में बंटा था शहर, 45 विभागों की रही मौजूदगी
दुर्ग नगर निगम क्षेत्र को इस सुशासन तिहार के तहत कुल चार जोन में विभाजित किया गया था। सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए प्रत्येक शिविर में 15-15 वार्डों की समस्याएं सुनने का लक्ष्य रखा गया था। पुरानी गंज मंडी में आयोजित इस अंतिम चरण के शिविर में शासन के 45 अलग-अलग विभागों के आला अधिकारी टेबल लगाकर मौजूद रहे। अधिकारियों ने सीधे जनता से आवेदन स्वीकार किए और कई फाइलों का मौके पर ही निपटारा किया।
स्वामित्व पत्र और राशन कार्डों का त्वरित वितरण
शिविर में केवल आवेदन ही नहीं लिए गए, बल्कि पात्र हितग्राहियों को तत्काल राहत भी पहुंचाई गई। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, नए राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत तैयार स्वामित्व पत्रों (मालिकाना हक) का वितरण अतिथियों के हाथों किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण
शिविर के गरिमामय उद्घाटन अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव,संभाग आयुक्त सत्य नारायण राठौर, जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम की महापौर अलका बाघमार और निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विभागीय स्टालों का विस्तृत निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कड़े निर्देश दिए कि जिन आवेदनों का तुरंत निराकरण नहीं हो सका है, उन्हें एक निश्चित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से हल किया जाए।
इस दौरान महापौर अलका बाघमार महापौर ने शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया।