रिसाली/ दुर्ग नगर पालिक निगम रिसाली के सुशासन शिविर में सड़क दुर्घटना में एक पैर गवां चुके पुरैना के दिनेश साहू को सहारा मिला। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने बैटरी चलित ट्राई सायकल प्रदान किया। दिनेश साहू एक वर्ष से ट्राई सायकल लेने कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। सोमवार को 20 वार्डों के लिए लगाए शिविर में कुल 763 आवेदन प्राप्त हुए।
दरअसल दिहाड़ी श्रमिक दिनेश हताश होकर पुरैना के शिविर में पहुंचा था। वहां उसने दिव्यांगता का हवाला देते हुए अपनी पीड़ा क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर व कलेक्टर अभिजीत सिंह के समक्ष रखा था। दिनेश साहू का कहना था कि वह लगभग एक साल पहले सुबह-सुबह मजदुरी करने घर से निकला था। इसी बीच सिरसा गेट के निकट उसे हाइवा ने अपने चपेट में ले लिया। जब उसकी आँख खुली तो वह अस्पताल में था और दाहिना पैर गायब था। पूरे घर की जिम्मेदारी अपने कांधे पर उठाने वाला दिनेश टूट चुका था।

जैसे तैसे जयपुर में निर्मित पैर लगाने के बाद वह हिम्मत से चलना शुरू किया। उसकी इच्छा थी कि अगर बैटरी चलित ट्राई सायकल की मदद से वह फिर से कुछ कर सकता है, किन्तु दस्तावेजों के अभाव की वजह से ट्राई सायकल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। कलेक्टर अभिजीत ने पीड़ित की गुहार सुनने के बाद उसे शीघ्र बैटरी चलित ट्राई सायकल दिलाने का आश्वासन दिया था। सोमवार के शिविर में दिनेश को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने ट्राई सायकल भेंट किया।
शिविर का अवलोकन महापौर शशि सिन्हा, सभापति केशव बंछोर, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू ने किया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य सनीर साहू, ममता यादव, जमुना ठाकुर, जहीर अब्बास समेत पार्षद शीला नारखेड़े, सविता ढवस, रमा साहू, धमेन्द्र भगत, मनीष यादव, माया यादव, डाॅ. सीमा साहू, विलास राव बोरकर, विनय नेताम, परमेश्वर आदि उपस्थित थे।

विधायक ने समूह को सौंपा चेक
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने सुशासन शिविर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने संचालित छत्तीसगढ़ महिला कोष से एक लाख का ऋण ममतत्व स्व साहयता समूह को उपलब्ध कराया। वहीं विधायक, महापौर शशि सिन्हा, सभापति केशव बंछोर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत ज्योति रावते, दीपा ठाकुर, कौशल्या कुर्रे की गोद भराई रश्म की।
आयुर्वेद प्राथमिक अस्पताल खोलने पहल
दुर्ग ग्रामीण विधायक ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि रिसाली क्षेत्र में आयुर्वेदिक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने वे पहल करेंगे। दरअसल सुशासन शिविर में आयुर्वेद दवाईयां लेने नागरिकों की भीड़ अधिक रहती है। इसे देख कर और नागरिकों से चर्चा करने विधायक ने प्राथमिक केन्द्र खोले जाने का आश्वासन दिया।