बीकानेर (राजस्थान)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित BSF की सांचू पोस्ट पर आयोजित प्रहरी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महिला बैरकों का ई-उद्घाटन भी किया और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की भूमिका की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गृह सचिव, आईबी निदेशक, सीमा प्रबंधन सचिव और BSF के महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
BSF के बलिदान को किया नमन
अमित शाह ने कहा कि BSF के जवान स्थापना काल से ही कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2000 से अधिक सीमा प्रहरियों का सर्वोच्च बलिदान पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
महिला जवानों के लिए सुविधाओं पर जोर
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार सीमा सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2030 तक सभी महिला जवानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। राजस्थान में स्वीकृत 79 बैरकों में से 67 का निर्माण पूरा हो चुका है और 14 बैरकों का उद्घाटन किया गया है।
‘चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड’ पर फोकस
अमित शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं बल्कि BSF, सेना, सीमांत नागरिक और स्थानीय प्रशासन मिलकर ‘चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड’ बनाते हैं। उन्होंने शून्य घुसपैठ को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
ऑपरेशन सिंदूर और सांचू पोस्ट का जिक्र
गृह मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में BSF के योगदान की सराहना की और कहा कि जवानों ने हर मोर्चे पर मजबूती से प्रदर्शन किया। उन्होंने 1965 के भारत-पाक युद्ध में सांचू पोस्ट के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया और इसे भारतीय सैन्य इतिहास का गौरवशाली अध्याय बताया।
सीमा इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक पर जोर
अमित शाह ने बताया कि सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, फेंसिंग और पेयजल जैसी सुविधाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि ड्रोन और तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है और अगले छह महीनों में ड्रोन रोधी सिस्टम लगाए जाएंगे।
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम और पर्यावरण
गृह मंत्री ने कहा कि ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत सीमावर्ती गांवों का विकास तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने BSF से इसमें सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खेजड़ी का पौधा भी लगाया और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।
अमित शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल न केवल बाहरी खतरों से निपट रहा है, बल्कि आंतरिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।