दुर्ग जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बैठक,10 जून तक शिक्षक समस्याओं के निराकरण के निर्देश

दुर्ग। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय दुर्ग में आज कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कर्मचारियों और शिक्षकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित दुर्ग, धमधा और पाटन के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को आगामी 10 जून 2026 तक सभी लंबित मामलों का अनिवार्य रूप से निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

सेवा पुस्तिका और चिकित्सा देयक पर विशेष ध्यान

बैठक के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं की समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका (Service Book) का संधारण, चिकित्सा देयकों (Medical Bills) का भुगतान और बैंक पासबुक संधारण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में ये रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक पक्ष से विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्ग विनोद शुक्ला, धमधा बीईओ अथर्व शर्मा और पाटन बीईओ डालेंद्र देवांगन उपस्थित रहे। वहीं कर्मचारी व शिक्षक संगठनों की ओर से छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष (दुर्ग) भानु प्रताप यादव, शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष चंचल द्विवेदी, सुखेंद्र देवांगन, धर्मेंद्र देशमुख, गिरीश साहू और ओम प्रकाश पांडे शामिल हुए। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि तय समय-सीमा में उनकी मांगों का समाधान हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *