अब Wi-Fi करेगा आपकी ‘जासूसी’! बिना कैमरे और मोबाइल के भी ट्रैक हो सकती है हर गतिविधि

नई दिल्ली। डिजिटल दुनिया में प्राइवेसी को लेकर एक नई और चौंकाने वाली चेतावनी सामने आई है। जर्मनी के वैज्ञानिकों ने ऐसी तकनीक विकसित करने का दावा किया है, जिससे सामान्य Wi-Fi राउटर भी किसी व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए न कैमरे की जरूरत होगी और न ही किसी स्मार्ट डिवाइस की।

कार्लसरुहे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (KIT) के शोधकर्ताओं ने “BFId” नाम की एक नई तकनीक तैयार की है, जो Wi-Fi सिग्नल के जरिए इंसानी मूवमेंट और बॉडी पैटर्न को पहचान सकती है। यह तकनीक Wi-Fi में इस्तेमाल होने वाले Beamforming Feedback Information (BFFI) फीचर पर आधारित है, जिसे मूल रूप से इंटरनेट सिग्नल को बेहतर बनाने के लिए बनाया गया था।

रिसर्च के अनुसार, जब कोई व्यक्ति कमरे में चलता है तो उसके शरीर से गुजरने वाली Wi-Fi वेव्स प्रभावित होती हैं। AI और मशीन लर्निंग इन बदलावों को रिकॉर्ड कर व्यक्ति की चाल, शरीर की बनावट और गतिविधियों की पहचान कर लेते हैं। वैज्ञानिकों का दावा है कि 197 लोगों पर किए गए परीक्षण में यह तकनीक लगभग 99.5 प्रतिशत तक सटीक साबित हुई।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ट्रैकिंग के लिए किसी स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की भी जरूरत नहीं पड़ती। केवल इंसानी शरीर से प्रभावित रेडियो वेव्स के आधार पर किसी की मौजूदगी और मूवमेंट को समझा जा सकता है।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक भविष्य में प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। यदि Wi-Fi डेटा को लोकेशन हिस्ट्री और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड्स से जोड़ा जाए, तो किसी व्यक्ति की पहचान और उसकी गतिविधियों की पूरी जानकारी हासिल की जा सकती है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों, ऑफिस, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तकनीक का गलत इस्तेमाल निगरानी के लिए किया जा सकता है। खासकर पत्रकारों, एक्टिविस्ट्स और प्रदर्शनकारियों के लिए यह चिंता का बड़ा विषय माना जा रहा है।

हालांकि, शोधकर्ताओं ने टेक कंपनियों और नियामक संस्थाओं से Wi-Fi नेटवर्क में मजबूत एन्क्रिप्शन और बेहतर प्राइवेसी सुरक्षा लागू करने की मांग की है। तब तक लोगों को सलाह दी गई है कि वे सार्वजनिक Wi-Fi का इस्तेमाल सावधानी से करें, अपने राउटर का फर्मवेयर नियमित रूप से अपडेट रखें और सुरक्षित नेटवर्क का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *