पानाबरस में आदिवासी संस्कृति संरक्षण को लेकर महासभा, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 29 मई 2026। जिले के वनांचल क्षेत्र पानाबरस में आदिम आस्था स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं जनजातीय संस्कृति सुरक्षा अभियान के अंतर्गत एक महासभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री विजय शर्मा तथा राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे शामिल हुए।

महासभा में जिलेभर से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के मांझी, गायता, ग्राम पटेल, ग्राम प्रमुख एवं अन्य समाज प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई।

सभा में जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति तथा पूर्वजों से जुड़े आस्था स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विस्तार से चर्चा की गई।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज प्रमुखों से सीधा संवाद करते हुए उनकी परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं और देवस्थल राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित देवगुड़ियों और आस्था स्थलों का चिन्हांकन कर वहां पहुंच मार्ग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें और अपनी परंपराओं को सुरक्षित रखें।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और आस्था स्थलों का संरक्षण समाज की अस्मिता से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही हैं।

कार्यक्रम में समाज प्रमुखों ने सरकार के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *