विनेश फोगाट को बड़ा झटका, मीनाक्षी गोयत ने सेमीफाइनल में 6-4 से हराया

नई दिल्ली | एशियन गेम्स ट्रायल्स 2026 इंदिरा गांधी स्टेडियम में चल रहे एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। महिला 53 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में अनुभवी स्टार पहलवान विनेश फोगाट को युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से हराकर सभी को चौंका दिया। इस जीत के साथ मीनाक्षी ने फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि विनेश का सीधे एशियाई खेलों में चयन का सपना झटका खा गया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन मीनाक्षी गोयत ने तेज़ रफ्तार मूव्स और सटीक तकनीक के दम पर मुकाबले में बढ़त बनाए रखी। विनेश ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन अंतिम क्षणों में मीनाक्षी ने बढ़त बरकरार रखते हुए जीत अपने नाम कर ली।

इससे पहले विनेश फोगाट ने ट्रायल्स में शानदार आगाज किया था। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में हरियाणा की ज्योति को 7-1 से हराया था, जबकि दूसरे मुकाबले में निशु के खिलाफ 6-6 के बराबरी वाले संघर्षपूर्ण मैच में तकनीकी आधार पर जीत हासिल की थी।

गौरतलब है कि लंबे समय बाद मैट पर वापसी कर रहीं विनेश फोगाट की दावेदारी को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी। सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के फैसलों के बाद उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में भाग लेने की अनुमति मिली थी, जिससे उम्मीदें और बढ़ गई थीं।

लेकिन सेमीफाइनल में मिली इस हार ने ट्रायल्स की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है और अब सभी की नजरें मीनाक्षी गोयत पर टिक गई हैं, जिन्होंने इस बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का जोरदार परिचय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *