IPL का नया ‘जागीरदार’ रजत पाटीदार, लगातार दो ट्रॉफी जीतकर रचा इतिहास

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में संघर्ष से सफलता तक पहुंचने की कई कहानियां हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार की कहानी उनमें सबसे प्रेरणादायक मानी जा रही है। कभी आईपीएल नीलामी में अनसोल्ड रहने वाले पाटीदार आज लगातार दो आईपीएल खिताब जीतकर महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर जैसे सफल कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं।

आरसीबी, जो 17 वर्षों तक आईपीएल ट्रॉफी के लिए तरसती रही, उसने रजत पाटीदार की कप्तानी में लगातार दो सीजन में खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। विराट कोहली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और फाफ डु प्लेसिस जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के नेतृत्व में भी टीम ट्रॉफी नहीं जीत सकी थी, लेकिन युवा कप्तान पाटीदार ने यह सूखा खत्म कर दिया।

अनसोल्ड से चैंपियन कप्तान बनने तक का सफर

मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रजत पाटीदार को 2022 की आईपीएल नीलामी में किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। हालांकि, उसी साल आरसीबी ने उन्हें चोटिल लवनीत सिसोदिया के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 54 गेंदों में 112 रन की विस्फोटक पारी ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली।

कप्तानी का दांव हुआ सफल

साल 2025 में आरसीबी ने फाफ डु प्लेसिस की जगह रजत पाटीदार को कप्तान नियुक्त कर सभी को चौंका दिया। अधिकांश लोगों को उम्मीद थी कि विराट कोहली को दोबारा कप्तानी सौंपी जाएगी, लेकिन फ्रेंचाइजी ने युवा खिलाड़ी पर भरोसा जताया।

पाटीदार ने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया। उन्होंने 2025 सीजन में 192.69 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए और टीम को खिताब दिलाया। इसके बाद 2026 में भी आरसीबी को चैंपियन बनाकर उन्होंने लगातार दो आईपीएल ट्रॉफियां जीतने का दुर्लभ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

घरेलू क्रिकेट में भी चमका नेतृत्व

रजत पाटीदार की कप्तानी का प्रभाव केवल आईपीएल तक सीमित नहीं है। वह घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश टीम की भी अगुवाई कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में मध्य प्रदेश ने 2024 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल तक का सफर तय किया था और उपविजेता रही थी।

शांत स्वभाव, दबाव में धैर्य और खिलाड़ियों पर भरोसा रखने की क्षमता ने उन्हें एक सफल कप्तान के रूप में स्थापित किया है। मैदान पर उनके फैसलों में आत्मविश्वास साफ नजर आता है।

प्रशंसकों को समर्पित की खिताबी जीत

लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद रजत पाटीदार ने यह उपलब्धि पिछले वर्ष आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को समर्पित की। उन्होंने कहा कि इस ट्रॉफी को वह हमेशा उन प्रशंसकों को समर्पित करना चाहेंगे और उनके पास अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।

विजय जुलूस नहीं निकालेगी आरसीबी

पिछले वर्ष हुई दुखद घटना को ध्यान में रखते हुए आरसीबी प्रबंधन ने इस बार विजय जुलूस नहीं निकालने का फैसला किया है। कर्नाटक के नवनियुक्त मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह और सुरक्षा कारणों को देखते हुए भी यह निर्णय लिया गया है।

बेंगलुरु पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के सार्वजनिक समारोह की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने कहा कि लोग यदि जश्न मनाना चाहते हैं तो घरों के भीतर मना सकते हैं।

पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का रिकॉर्ड

  • कुल मैच : 32
  • जीत : 22
  • हार : 10
  • फाइनल : 2
  • खिताब : 2
  • 2025 में अंक तालिका में दूसरा स्थान
  • 2026 में अंक तालिका में पहला स्थान

रजत पाटीदार ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर कोई भी खिलाड़ी शिखर तक पहुंच सकता है। अनसोल्ड खिलाड़ी से दो बार आईपीएल विजेता कप्तान बनने तक का उनका सफर भारतीय क्रिकेट की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में शामिल हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *