क्रिएटर्स के लिए Google का नया फीचर, सर्च प्रोफाइल्स से मिलेगा बड़ा फायदा

कैलिफोर्निया। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Google ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के लिए एक नया फीचर “सर्च प्रोफाइल्स” (Search Profiles) लॉन्च किया है। इस फीचर के जरिए क्रिएटर्स अब गूगल सर्च और गूगल डिस्कवर पर अपने कंटेंट को और अधिक प्रभावी तरीके से पेश कर सकेंगे।

इस नए फीचर में क्रिएटर्स के आर्टिकल्स, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट्स एक ही जगह पर दिखाए जाएंगे, जिससे उनकी ऑनलाइन पहचान और मजबूत होगी। फिलहाल यह सुविधा अमेरिका में रोलआउट की गई है, लेकिन जल्द ही इसे अन्य देशों, खासकर भारत में भी लॉन्च किए जाने की संभावना है।

क्रिएटर्स को मिलेगा पूरा कंट्रोल

गूगल के मुताबिक यह ‘सर्च प्रोफाइल’ एक डेडिकेटेड डिजिटल हब की तरह काम करेगा, जहां क्रिएटर्स अपने विभिन्न प्लेटफॉर्म्स का कंटेंट एक ही प्रोफाइल के जरिए दिखा सकेंगे। इसे गूगल सर्च, डिस्कवर या डायरेक्ट लिंक के जरिए एक्सेस किया जा सकता है।

पात्रता के कड़े नियम

इस फीचर का लाभ उठाने के लिए गूगल ने कुछ शर्तें तय की हैं। यूट्यूब, इंस्टाग्राम या एक्स (Twitter) पर कम से कम 1 लाख फॉलोअर्स और टिकटॉक पर 3 लाख फॉलोअर्स होना जरूरी है। साथ ही केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के क्रिएटर्स ही इसके लिए पात्र होंगे।

नॉलेज पैनल भी होगा अपग्रेड

गूगल ने बताया कि योग्य क्रिएटर्स के लिए उनका नॉलेज पैनल भी ऑटोमैटिक रूप से अपग्रेड किया जाएगा। इसमें प्रोफाइल फोटो, बायो, वेबसाइट लिंक और लेटेस्ट कंटेंट जैसी जानकारी शामिल होगी, जिससे उनकी डिजिटल उपस्थिति और मजबूत होगी।

कैसे मिलेगा फीचर

क्रिएटर्स को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए profile.google.com/claim पर जाकर अपने अकाउंट और सोशल मीडिया प्रोफाइल को वेरिफाई करना होगा। वेरिफिकेशन पूरा होते ही उनका सर्च प्रोफाइल सक्रिय कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *