रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। राज्य के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन इंडिया ‘ए’ टीम में हुआ है। वह इस टीम में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले क्रिकेटर बन गए हैं, जिससे प्रदेश में खुशी की लहर है।
आयुष पांडे को यह अवसर श्रीलंका ‘ए’ टीम के खिलाफ 25 जून से 5 जुलाई तक होने वाली दो चार दिवसीय टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए मिला है। चयनकर्ताओं ने उनके लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है।
ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में बनाई पहचान
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे ने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी और अन्य प्रमुख घरेलू टूर्नामेंटों में लगातार रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
रायपुर की रियाज क्रिकेट अकादमी से प्रशिक्षण लेने वाले आयुष ने छोटी उम्र से ही क्रिकेट की शुरुआत की थी। उन्होंने जूनियर क्रिकेट से लेकर रणजी ट्रॉफी तक का सफर कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर तय किया है। इसके अलावा राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में मिले प्रशिक्षण ने उनके खेल को और निखारा।
परिवार और कोचों की भूमिका अहम
आयुष के चयन पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि आयुष बचपन से ही क्रिकेट के प्रति बेहद समर्पित रहे हैं और मात्र 7 वर्ष की उम्र से उन्होंने खेलना शुरू कर दिया था।
उन्होंने आगे बताया कि 11 वर्ष की उम्र में ही आयुष ने पहली बार राज्य की आयु वर्ग टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
शानदार प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड
22 वर्षीय आयुष पांडे ने अब तक 19 प्रथम श्रेणी मैचों की 34 पारियों में 4 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 1,430 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 211 रन रहा है। इसी दमदार प्रदर्शन के चलते उन्हें इंडिया ‘ए’ टीम में जगह मिली है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि
आयुष के चयन को छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और घरेलू क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी।