स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। पाकिस्तान दौरे के बाद बांग्लादेश में भी वनडे टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस के हाथों में रहेगी। नियमित कप्तान मिचेल मार्श चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हैं, जबकि स्टार ओपनर ट्रेविस हेड को व्यक्तिगत कारणों से वनडे और टी20 दोनों सीरीज के लिए आराम दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के अनुसार, मार्श अभी भी टखने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। हालांकि, वह टी20 सीरीज की तैयारियों के लिए ढाका में टीम के साथ जुड़ेंगे और टी20 टीम की कप्तानी संभालेंगे।
टीम में कई बदलाव, नए खिलाड़ियों को मौका
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने टीम में कई बदलाव किए हैं। अनुभवी खिलाड़ियों एलेक्स कैरी, मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन और एडम जम्पा को टीम में बरकरार रखा गया है। वहीं युवा खिलाड़ियों ओली पीक और मैट शॉर्ट को भी मौका मिला है।
स्पिन विभाग में टॉड मर्फी को शामिल किया गया है, जो चोटिल तनवीर संघा की जगह लेंगे। संघा को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसके अलावा बेन ड्वारशुइस और जेवियर बार्टलेट को भी टीम में शामिल किया गया है।
9 जून से शुरू होगी वनडे सीरीज
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को ढाका में खेला जाएगा। दूसरा और तीसरा वनडे क्रमशः 11 और 14 जून को होगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 17 जून से टी20 सीरीज की शुरुआत होगी।
बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम
जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस (कप्तान), मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट और एडम जम्पा।
बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, एरोन हार्डी, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ और एडम जम्पा।