
वडोदरा। शहर में एक बार फिर मगरमच्छ के सड़क पर पहुंचने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सतर्कता के साथ मगरमच्छ को रेस्क्यू कर लिया। बाद में उसे विश्वामित्री नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इस नदी में करीब 300 मगरमच्छ रहते हैं। अक्सर बाढ़ या प्राकृतिक आवास में बदलाव के कारण ये मगरमच्छ रिहायशी इलाकों में भटक जाते हैं। वन विभाग ने बताया कि जून के मध्य से अब तक 8-9 मगरमच्छ अलग-अलग इलाकों से रेस्क्यू किए जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश करीब दो फीट लंबे छोटे मगरमच्छ थे, जो नालों के रास्ते निकल आए थे।
आखिर सड़क पर कैसे पहुंच गया मगरमच्छ?
अधिकारियों के अनुसार, वडोदरा नगर निगम द्वारा बाढ़ नियंत्रण योजना के तहत नदी से जुड़ी नहरों और पुलियों की सफाई कराई जा रही है। इससे मगरमच्छों के प्राकृतिक ठिकानों में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे वे नए इलाकों की तलाश में बाहर निकल रहे हैं।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को मगरमच्छ नजर आए, तो वे घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और नालों के आसपास सतर्क रहने की सलाह भी दी है।